भोपाल। राजधानी भोपाल में चल रही सीलिंग की कार्रवाई को लेकर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इससे पूरे भोपाल के व्यापारी परेशान हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में विभाग के सभी बड़े अधिकारी वर्तमान में दिल्ली में हैं। अधिकारियों और वकीलों के साथ चर्चा कर समस्या का कोई न कोई समाधान निकाला जाएगा।
मंत्री विजयवर्गीय ने बताया कि भोपाल के मास्टर प्लान को लेकर भी चर्चा चल रही है और जल्द ही इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
17 सितंबर को बूथ स्तर पर 100 दीप जलाने का लक्ष्य
सेवा संकल्प अभियान को लेकर उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। प्रयास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर प्रत्येक बूथ स्तर पर कम से कम 100 दीप जलाए जाएं।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर साधा निशाना
राहुल गांधी के दौरे में हुए बदलाव को लेकर विजयवर्गीय ने कहा कि जिस स्टेडियम की मांग की जा रही है, वहां राजनीतिक रैलियां आयोजित करने की अनुमति हाई कोर्ट ने नहीं दी है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें जरूरत है तो वे वहीं चले जाएं।
अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार
राम मंदिर में विशेष कार्य अधिकारी को बदले जाने को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर विजयवर्गीय ने पलटवार करते हुए कहा कि अखिलेश यादव को राम मंदिर के संबंध में किसी तरह की टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव राम मंदिर के विरोध में रहे हैं।
