आवासीय भवनों में व्यावसायिक गतिविधियां मिलने पर लगेगा व्यावसायिक कर

सागर। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने सीएम हेल्पलाइन सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को नागरिकों की शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग प्रमुख लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा कर उनका समय पर निराकरण कराएं।बैठक में आयुक्त ने स्वास्थ्य, जलप्रदाय, राजस्व, स्थापना, प्रकाश, योजना, लोककर्म, भवन एवं भूमि, लेखा, पेंशन, अग्निशमन तथा बाजार विभाग सहित विभिन्न विभागों में लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से शिकायतों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई करने और शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।नगर निगम आयुक्त ने निगम सीमा क्षेत्र में आवासीय भवनों का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किए जाने के मामलों को गंभीरता से लिया। उन्होंने सभी उपयंत्रियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे भवनों का निरीक्षण कर उन्हें चिह्नित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि जिन आवासीय भवनों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित पाई जाती हैं, उनकी भवन निर्माण स्वीकृति की जांच की जाए। साथ ही भवन के वास्तविक उपयोग के अनुसार नियमानुसार व्यावसायिक कर निर्धारित करने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को भवनों के उपयोग और कर निर्धारण में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।आयुक्त ने अस्पतालों, नर्सिंग होम, व्यावसायिक संस्थानों और अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा अनापत्ति प्रमाणपत्र (फायर एनओसी) की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसलिए संबंधित अधिकारी सभी प्रतिष्ठानों में निर्धारित नियमों के अनुसार फायर एनओसी की उपलब्धता की जांच करें। आवश्यक प्रमाणपत्र नहीं पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।आयुक्त ने अधिकारियों को अपने विभागीय दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने, लंबित प्रकरणों की नियमित निगरानी रखने और नागरिकों को नगर निगम की सेवाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।बैठक में उपायुक्त एस.एस. बघेल, कार्यपालन यंत्री जितेन्द्र गुप्ता, सहायक यंत्री संजय तिवारी, स्वास्थ्य अधिकारी राजेश सिंह, स्वच्छता निरीक्षक आनंद मंगल गुरु, राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी, उपयंत्री राहुल रैकवार, आयुष शुक्ला, आसिमा तिर्की सहित सभी अभियंता एवं विभिन्न विभागों के प्रमुख उपस्थित रहे।
