बीना(सागर)।मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना में गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण का मामला सामने आया है। एसडीएम को सूचना मिलने के बाद उनके निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए चंद्रशेखर वार्ड में कृषि उपज मंडी के पास एक मकान से 165 व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए। ये सिलेंडर पेट्रोल पंप के सामने रिहायशी क्षेत्र में रखे गए थे। जब्त सिलेंडरों की कीमत करीब 7 लाख 81 हजार 500 रुपये आंकी गई है।जानकारी के अनुसार, खाद्य विभाग की टीम ने धर्मेंद्र कुमार अग्रवाल के मकान की जांच की। यहां 19 किलोग्राम क्षमता वाले 150 और 5 किलोग्राम क्षमता वाले 15 व्यावसायिक गैस सिलेंडर मिले। सभी सिलेंडर भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के बताए गए हैं।पूछताछ के दौरान धर्मेंद्र अग्रवाल ने बताया कि वह अग्रवाल ट्रेडर्स के नाम से बीना रिफाइनरी में बीपीसीएल के व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति करते हैं। ट्रक खराब होने के कारण सिलेंडरों को गोदाम के स्थान पर मकान में रखवाया गया था। उन्होंने सिलेंडरों के बिल प्रस्तुत किए, लेकिन भंडारण से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।
नियमानुसार गैस सिलेंडरों का भंडारण निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुरक्षित स्थान पर किया जाना चाहिए। इसके बावजूद रिहायशी क्षेत्र में पेट्रोल पंप के सामने बड़ी संख्या में सिलेंडर रखे गए थे। इससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार कर सभी 165 सिलेंडर जब्त कर भारत गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिए। जानकारी के अनुसार, ये सिलेंडर सागर की सर्वश्रेष्ठ गैस एजेंसी से मंगाए गए थे और इन्हें रिफाइनरी पहुंचाया जाना था।विभाग के अनुसार, मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई की जाएगी। आगे की कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन कलेक्टर को भेजा जाएगा।कार्रवाई के दौरान सहायक आपूर्ति अधिकारी राजेश पटेल सहित खाद्य विभाग की टीम मौजूद रही।
पेट्रोल पंप के सामने अवैध रूप से रखे मिले 165 गैस सिलेंडर, खाद्य विभाग ने किए जब्त

