प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना युवाओं को देगी व्यावहारिक अनुभव और रोजगार के अवसर : प्रो. सरोज गुप्ता

सागर। प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना युवाओं को उद्योग-उन्मुख व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने और भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है। किताबी ज्ञान के साथ कार्यक्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव युवाओं के सर्वांगीण विकास और आत्मनिर्भरता के लिए आवश्यक है। विद्यार्थियों को इस योजना का अधिकाधिक लाभ उठाते हुए समयसीमा के भीतर पंजीयन कराना चाहिए। यह बात पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर की प्राचार्य प्रो. सरोज गुप्ता ने महाविद्यालय में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के अंतर्गत आयोजित जागरूकता एवं पंजीयन सत्र को संबोधित करते हुए कही।प्राचार्य प्रो. सरोज गुप्ता की प्रेरणा से आयोजित इस सत्र में विद्यार्थियों को योजना के उद्देश्य, व्यावसायिक लाभ, इंटर्नशिप के अवसरों और ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।योजना की नोडल अधिकारी डॉ. प्रतिभा जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं का कौशल विकास करना और उन्हें कार्यक्षेत्र का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करना है। उन्होंने योजना के अंतर्गत निर्धारित पात्रता, नियमों, चयनित अभ्यर्थियों को मिलने वाली मासिक वृत्तिका और वित्तीय सहायता संबंधी प्रावधानों की जानकारी भी दी।योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए गठित मार्गदर्शक दल के सदस्यों डॉ. संगीता कुंभारे, प्रमोद सेन, अनुष्का राजे, डॉ. अभिलाषा जैन, डॉ. अमर कुमार जैन, आयुष बड़कुल, डॉ. अवधेश प्रताप सिंह एवं डॉ. अनिल मेहरौलिया ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों को योजना के लाभ समझाए। साथ ही, उन्हें ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया पूरी करने में प्रत्यक्ष मार्गदर्शन प्रदान किया।महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. संदीप सबलोक ने बताया कि इस पहल से विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप पोर्टल पर अपना पंजीयन सफलतापूर्वक पूरा किया।
