शहर में अलग अलग रूपों में विराजमान मां भगवती के दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

खुरई(सागर)। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर खुरई नगर पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगा हुआ है। नगर के प्रत्येक वार्ड, चौराहों और मोहल्लों मे विराजीं मां दुर्गा की एक झलक पाने के लिए भक्तों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। शाम ढलते ही पूरा शहर रोशनी से जगमगा उठता है और माता के जयकारों से गूंजने लगता है। नगर के पठार, किला गेट, ललिता शास्त्री वार्ड, पुरानी जनपद, ऑफिसर कॉलोनी , खजऊ तलैया और संजीवनी क्लीनिक के पास भव्य पंडाल सजाए गए हैं। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन, नटराज टॉकीज, सागर रोड, राहतगढ़ रोड, पठारी रोड, जेल रोड और बीना रोड पर भी मां भगवती अलग-अलग मनमोहक रूपों में विराजमान हैं।भक्ति के इस महापर्व में कहीं माता रानी को छप्पन भोग का महाप्रसाद लगाया जा रहा है, तो कहीं सुरीली भजन संध्याओं का आयोजन हो रहा है। पंडालों में महिलाओं द्वारा पारंपरिक देवी गीत गाए जा रहे हैं, जिससे माहौल बेहद दिव्य हो गया है। दर्शन और आरती के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है।
