बरोदिया कलां के वैष्णोदेवी दरबार और मालथौन किले की मां महाकाली को सरोज भूपेन्द्र सिंह ने अर्पित किया छप्पन भोग
नवरात्र में देवी मंदिरों में विधि-विधान से की पूजा-अर्चना, क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना; बड़ी संख्या में श्रद्धालु और जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
सागर। पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष सरोज भूपेन्द्र सिंह ने नवरात्र के पावन अवसर पर बरोदिया कलां की पहाड़ी पर स्थित मां वैष्णोदेवी मंदिर और मालथौन किला प्रांगण में विराजमान प्राचीन मां महाकाली मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। उन्होंने दोनों मंदिरों में आरती में सहभागिता कर देवी मैया को छप्पन भोग अर्पित किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में देवी उपासक, श्रद्धालु और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
छप्पन भोग अर्पित करने की प्राचीन परंपरा
नवरात्र के दौरान मां वैष्णोदेवी, मां भद्रकाली और मां महाकाली के मंदिरों में छप्पन भोग अर्पित करने की परंपरा है। भक्त नौ दिनों की साधना और व्रत के बाद माता रानी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाते हैं। इसे पूजा-अर्चना की पूर्णता और देवी के प्रति समर्पण का प्रतीक माना जाता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छप्पन भोग में विभिन्न प्रकार के अनाज, फल, मेवे, मिठाइयां, पेय पदार्थ, चटनी और अन्य खाद्य सामग्रियां शामिल की जाती हैं। इन व्यंजनों में विभिन्न स्वादों का समावेश होता है। भक्त प्रकृति से प्राप्त अन्न, फल और अन्य सामग्रियां देवी के चरणों में अर्पित कर सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना करते हैं।
56 प्रकार की खाद्य सामग्रियों से सजाया भोग
प्रति वर्ष की परंपरा के अनुसार इस बार भी सरोज भूपेन्द्र सिंह ने दोनों मंदिरों में छप्पन भोग अर्पित किया। इसमें सात प्रकार के अनाज, सात प्रकार के फल, सात प्रकार के मेवे, कढ़ी, सूप, मिठाइयां, पेय पदार्थ, चटनी तथा इलायची और लौंग जैसी सामग्री सहित 56 प्रकार की खाद्य सामग्रियां शामिल रहीं।
इस अवसर पर सरोज भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि मां महाकाली और मां वैष्णोदेवी को प्रकृति का साक्षात स्वरूप माना जाता है। प्रकृति से प्राप्त अन्न, फल और विभिन्न प्रकार के रस देवी को समर्पित करना श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने क्षेत्र की धरती, किसानों और सभी प्राणियों के लिए सुख-समृद्धि तथा धन-धान्य से परिपूर्ण जीवन की कामना की।
वैष्णोदेवी दरबार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित
बरोदिया कलां स्थित मां वैष्णोदेवी दरबार में भाजपा मंडल अध्यक्ष नीतीश यादव, नगर परिषद अध्यक्ष मीना कुशवाहा, कोमल यादव, बलराम ठाकुर, रविंद्र ठाकुर, महेंद्र ठाकुर, आरसी दुबे, चुन्नीलाल कुशवाहा, मनीष पाटेसकर, निरंजन सिंह ठाकुर, दयाराम चौरसिया, अभय लोधी, अजमेर सिंह लोधी, छोटे राजा बंगेला और शंकर कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
मां महाकाली मंदिर में भी जुटे श्रद्धालु
मालथौन किला स्थित मां महाकाली मंदिर में भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद लोधी, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामकुमार बघेल, जनपद उपाध्यक्ष बलवीर सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष जयंत सिंह बुंदेला, नगर परिषद उपाध्यक्ष मालती धर्मेन्द्र अहिरवार, गोलू प्रताप राय, सिरनाम सिंह, दुर्गा प्रसाद प्रजापति, सीमा राय, रानी बुंदेला, आशा देवेंद्र जैन, रानी लोधी, सुशीला शर्मा, हीरू राजपूत, पुष्पेंद्र सिंह तोमर, पार्षद जितेन्द्र सिंह सिसोदिया, पुष्पेंद्र परिहार, शिवराज राजपूत, गिन्नी राजा तोमर, वीर सिंह यादव और जाहर अहिरवार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
दोनों मंदिरों में छप्पन भोग अर्पण और पूजा-अर्चना के दौरान भक्तिमय वातावरण रहा। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर परिवार और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
बरोदिया कलां के वैष्णोदेवी दरबार और मालथौन किले की मां महाकाली को सरोज भूपेन्द्र सिंह ने अर्पित किया छप्पन भोग

