मारपीट, मामला दर्ज

खुरई(सागर)।ग्रामीण थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले भीलोन गांव में बंटवारा करने गए पटवारी के साथ दो लोगों ने अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार फरियादी अभिषेक पिता बलराम सिंह दांगी निवासी गंगऊआ थाना बांदरी ने शिकायत दर्ज़ कराते हुए बताया कि मैं पटवारी हल्का नंबर 47 तहसील खुरई मे पटवारी के पद पर पदस्थ हूँ। शनिवार को फर्द बटबारा बनाने के लिये तहसीलदार के आदेश पर भीलोन गया था। जहां आवेदक राजेश दांगी निवासी ग्राम भीलोन एवं अनावेदक मनोहर दांगी एवं अन्य को मौके पर फर्द बटबारा करने के लिये बुलाया। वहां हाई स्कूल के पास खड़े होकर बोले कि अभी कोई फर्द बटवारा नहीं करोगे तो मैने कहा कि मुझे तहसील से मुझे आदेश प्राप्त हुआ है। इसी बात पर से मनोहर और निरपाल दांगी मुझे गालियां देते हुए अभद्रता करने लगे। मना किया तो शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए मारपीट शुरू कर दी। दोनो कह रहे थे आज तो बच गया दुबारा यहाँ फर्द बटबारे के लिये आये तो जान से खत्म कर देगे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया।