दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थल और दशहरा महोत्सव की तैयारियों का निगमायुक्त एवं एडीएम ने लिया जायजा

बड़ी नदी में सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश, पीटीसी ग्राउंड में फायर ब्रिगेड और बैरिकेडिंग के इंतजाम समय पर पूरे करने को कहा

सागर। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री एवं एडीएम अविनाश रावत ने लेहदरा नाका स्थित बड़ी नदी पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थल तथा पीटीसी ग्राउंड में नगर निगम द्वारा आयोजित दशहरा महोत्सव स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दोनों आयोजनों में नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निगमायुक्त एवं एडीएम ने बड़ी नदी स्थित दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थल का निरीक्षण करते हुए कहा कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए विसर्जन स्थल और नदी के आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टेंट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने प्रतिमा विसर्जन के दौरान आवश्यकता के अनुसार नाव एवं जेसीबी मशीन उपलब्ध रखने, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने तथा नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पानी के टैंकर रखवाने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रतिमा विसर्जन व्यवस्था में लगे अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। संबंधित अधिकारी विसर्जन कार्य पूर्ण होने तक स्थल पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे, ताकि विसर्जन कार्य व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।इसके बाद निगमायुक्त एवं एडीएम ने पीटीसी ग्राउंड पहुंचकर नगर निगम द्वारा आयोजित दशहरा महोत्सव की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी दशहरा महोत्सव में बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएं।
उन्होंने कार्यक्रम के लिए व्यवस्थित मंच तैयार करने, सुरक्षा की दृष्टि से अग्निशमन वाहन उपलब्ध रखने, पेयजल के लिए पानी के टैंकर रखवाने तथा कार्यक्रम स्थल पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी व्यवस्थाओं का समय रहते परीक्षण करने को कहा, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।निगमायुक्त एवं एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को दोनों आयोजनों में समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं, जिससे नागरिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में सहभागिता कर सकें।