300 वर्ष प्राचीन मरई माता मंदिर के भवन निर्माण का होगा प्रयास : महापौर संगीता सुशील तिवारी

महापौर ने मंदिर में किए दर्शन और पूजा-अर्चना, मंदिर समिति ने रखी भवन निर्माण की मांग; शीघ्र कार्यवाही का दिया आश्वासन

सागर। रविशंकर वार्ड स्थित लगभग 300 वर्ष प्राचीन मरई माता मंदिर में महापौर संगीता सुशील तिवारी ने दर्शन कर मां मरई माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी भी उपस्थित रहे। मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के प्रमुख पुजारी एवं संरक्षक ओमप्रसाद दुबे तथा पुनीत दुबे ने महापौर का सम्मान किया।

दर्शन के पश्चात मंदिर समिति के व्यवस्थापक बाटू दुबे एवं समिति के सदस्यों ने महापौर के समक्ष मंदिर परिसर में भवन निर्माण की मांग रखी। समिति ने बताया कि प्राचीन मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक गतिविधियों के बेहतर संचालन के लिए भवन की आवश्यकता है। इस पर महापौर ने आश्वासन दिया कि मंदिर की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए भवन निर्माण कराने के लिए शीघ्र आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

महापौर संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि मरई माता मंदिर आस्था, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। लगभग 300 वर्ष पुराने इस मंदिर से श्रद्धालुओं की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। मंदिर समिति द्वारा रखी गई भवन निर्माण की मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी ने कहा कि मरई माता मंदिर सागर की प्राचीन धार्मिक धरोहरों में शामिल है। ऐसे ऐतिहासिक मंदिरों का संरक्षण और विकास सामूहिक जिम्मेदारी है। मंदिर समिति एवं वार्डवासियों की मांग पर महापौर द्वारा सकारात्मक आश्वासन दिया जाना सराहनीय है। मंदिर के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर नितिन दुबे, सुरेंद्र ठाकुर, टप्पू चौबे, राकेश चौबे, सुरेंद्र रिछारिया, प्रेम घोसी, बिंदे साहू, सुरेश ठाकुर सहित मंदिर समिति के सदस्य, वार्डवासी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मंदिर के विकास और भवन निर्माण के लिए की गई पहल पर प्रसन्नता व्यक्त की।