नवागत कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने पदभार ग्रहण करने के पश्चात कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के सभी एसडीएम एवं जिला अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक ली। कलेक्टर श्री यादव ने अधिकारियों से उनकी विभागीय गतिविधियों एवं कार्यप्रणाली की जानकारी ली।

बैठक में कलेक्टर ने जिले में उर्वरक एवं खाद वितरण की प्रक्रिया तथा खाद की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों को खाद वितरण की व्यवस्था सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर श्री यादव ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय कार्यों में ई-ऑफिस प्रणाली का उपयोग करते हुए फाइलों का प्रेषण सुनिश्चित करें। अधिकारी फाइलों का प्रतिउत्तर स्वयं लिखें तथा ई-ऑफिस के माध्यम से फाइलों के संचालन एवं कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें।

उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, स्वामित्व योजना एवं मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को प्राथमिकता से लेने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय कार्यप्रणाली पर विशेष फोकस करते हुए सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों के कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जनसुनवाई में सभी जिला अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा आमजन की समस्याओं एवं आवेदनों का गंभीरता से निराकरण करें।