मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत छतरपुर प्रवास पर आए कमिश्नर सागर संभाग दिलीप कुमार ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय परिसर में नवनिर्मित 200 बिस्तरीय अस्पताल भवन का निरीक्षण किया। इसमें 100 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर ब्लॉक एवं 100 बिस्तरीय वार्ड शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने भवन के विभिन्न तलों का भ्रमण कर निर्माण कार्यों, व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने महाप्रबंधक भवन विकास निगम को भवन में शेष कार्य तत्काल पूर्ण कराने, फर्श की पॉलिशिंग कराने, फायर एनओसी शीघ्र प्राप्त करने तथा भवन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने नवनिर्मित एवं पुराने अस्पताल भवन के बीच ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने तथा एसटीपी/ईटीपी में सुधार अथवा नया प्लांट स्थापित करने के लिए एस्टीमेट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक मानव संसाधन का मांग पत्र संचालनालय लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, भोपाल को भेजने के निर्देश सिविल सर्जन को दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मृणाल मीना, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.पी. गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. शरद चौरसिया एवं भवन विकास निगम के महाप्रबंधक उपस्थित रहे।