देवरी विधानसभा में सूखे की मार, खाद की किल्लत और बिजली-पानी संकट से किसान परेशान : सुनील जैन
ई-टोकन व्यवस्था तत्काल बंद करने, केसली ब्लॉक को सूखाग्रस्त घोषित करने और किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने की मांग उठाई
देवरी (सागर)। देवरी विधानसभा क्षेत्र में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर पूर्व विधायक सुनील जैन ने 29 अक्टूबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के किसानों की बदहाल स्थिति, कम बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान, खाद की किल्लत, बिजली-पानी संकट, ई-टोकन व्यवस्था में कथित अव्यवस्थाओं और किसानों के शोषण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
पूर्व विधायक ने कहा कि देवरी विधानसभा क्षेत्र के केसली, गौरझामर, महाराजपुर, नन्नी देवरी, तड़ा, सहजपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में किसान दोहरी मार झेल रहे हैं। एक ओर कम बारिश के कारण खरीफ की फसलें प्रभावित हुई हैं, वहीं दूसरी ओर रबी की बुआई पर भी संकट मंडरा रहा है। ऐसे में किसानों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
केसली ब्लॉक को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग
सुनील जैन ने कहा कि इस वर्ष मानसूनी वर्षा कम होने से किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं। शासन तत्काल विशेष सर्वे कराकर केसली ब्लॉक को सूखाग्रस्त घोषित करे तथा प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराए।
ई-टोकन व्यवस्था को बताया किसानों के लिए परेशानी का कारण
उन्होंने खाद वितरण के लिए लागू ई-टोकन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश किसानों के पास साधारण कीपैड मोबाइल हैं। ऐसे में उनके लिए ऑनलाइन टोकन बुक करना मुश्किल हो रहा है। पोर्टल पर ओटीपी समय पर नहीं आने और जटिल कैप्चा प्रक्रिया के कारण किसानों को बार-बार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि टोकन बुक कराने के नाम पर दुकानों और केंद्रों पर 100 रुपये तथा बुकिंग असफल होने पर भी 50 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। उन्होंने इस व्यवस्था को तत्काल बंद कर पूर्व की तरह सरल और पारदर्शी तरीके से खाद वितरण कराने की मांग की।
बिजली कटौती और पानी की कमी से सिंचाई प्रभावित
पूर्व विधायक ने कहा कि बिजली की लगातार कटौती के कारण किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। खेतों में पानी की कमी और बिजली विभाग की अनियमित आपूर्ति से फसलें प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने शासन से किसानों को प्रतिदिन 15 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर किसानों को डराने-धमकाने तथा झूठे मामलों और बिलों का भय दिखाकर कथित अवैध वसूली करने के आरोप लगाए।
किसानों का कर्ज माफ करने और केसीसी प्रक्रिया सरल बनाने की मांग
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और लगातार फसल खराब होने के कारण किसान कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं। शासन किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करे तथा किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की प्रक्रिया को सरल बनाए। बैंकों में अनावश्यक कागजी औपचारिकताओं और किसानों से की जाने वाली कथित अनुचित वसूली पर भी रोक लगाई जाए।
इसके अलावा उन्होंने अमानक खाद और बीज बेचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा अपनी जायज मांगों को उठाने वाले किसानों को प्रशासनिक और विभागीय स्तर पर प्रताड़ित किए जाने की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की।
सड़क से सदन तक लड़ेंगे किसानों की लड़ाई
सुनील जैन ने कहा कि यदि शासन-प्रशासन ने किसानों की इन गंभीर समस्याओं पर तत्काल ठोस कदम नहीं उठाए तो देवरी विधानसभा क्षेत्र का किसान चुप नहीं बैठेगा। किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी। इसकी संपूर्ण जवाबदारी शासन और प्रशासन की होगी।
देवरी विधानसभा में सूखे की मार, खाद की किल्लत और बिजली-पानी संकट से किसान परेशान : सुनील जैन


